प्रदेश

देपालपुर में 6 साल की बच्ची से रेप, 30 वर्षीय आरोपी पीड़िता से दरिंदगी करके हुआ फरार

Indore Minor Rape Case : मध्यप्रदेश। इंदौर के देपालपुर में 6 साल की बच्ची से 30 वर्षीय व्यक्ति ने बलात्कार किया। आरोपी बच्ची के पड़ोस में रहता था। बच्ची को खिलाने के बहाने वह उसे धर्मशाला के पीछे लेकर गया और उसके साथ दरिंदगी करके गायब हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में है।

आरोपी की पहचान 30 वर्षीय मलखान के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम बच्ची को खिलाने के बहाने लेकर गया था। क्योंकि बच्ची के परिजन उसे जानते थे इसलिए उन्होंने विरोध नहीं किया। आरोपी बच्ची को एक तालाब के पास धर्मशाला के पीछे ले गया और वहां उसने बच्ची के साथ रेप किया।

देर शाम तक जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। देर रात बच्ची गांव में आई और खुद अपने परिजनों को उसने अपनी आपबीती बताई। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस पोक्सो समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। बच्ची के साथ हुई इस रेप की घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया है कि, आरोपी शराब का आदि है और उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि, देर रात थाने में बच्ची से रेप की शिकायत उसके परिजनों ने दर्ज करवाई थी। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की भी धमकी दी थी। खबर लिखे जाने तक आरोपी पकड़ा नहीं गया है। पुलिस की टीम उसे खोजने का प्रयास कर रहीं हैं।