मध्य प्रदेश के कई शहरों में रात को फाइटर जेट्स की

रात में गूंजती फाइटर जेट्स की आवाज से लोग चौंके, ग्वालियर-रीवा के बीच वायुसेना का अभ्यास जारी

मध्य प्रदेश के सतना शहर में इन दिनों अचानक आसमान से गूंजती तेज गर्जना ने लोगों को चौंका दिया है। रात के काले आसमान में दिखाई न देने वाले फाइटर जेट्स की आवाज इतनी तेज रहती है कि लोग अपने घरों से बाहर निकलकर आसमान की ओर टकटकी लगाकर देखने लगते हैं।

कुछ समय तक लगातार जेट्स की उड़ान और करतबों की आवाज सुनाई देती रही, जिससे शहर में हलचल और हल्की दहशत का माहौल बन गया। हालांकि अंधेरे की वजह से जेट्स दिखाई नहीं दिए, लेकिन उनकी आवाज ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए आखिर यह क्या हो रहा है? क्या कोई खतरा तो नहीं?

क्यों बढ़ी लोगों की चिंता?

हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ईरान, इजरायल, अमेरिका और खाड़ी देशों के बीच संघर्ष की खबरें लगातार टीवी और सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। ऐसे माहौल में जब रात के सन्नाटे में अचानक फाइटर जेट्स की तेज आवाज सुनाई देती है, तो लोगों के मन में डर और आशंका पैदा होना स्वाभाविक है। कई लोगों के मन में यह सवाल भी उठा कि क्या युद्ध जैसी कोई स्थिति तो नहीं बन रही है।

क्या है असली वजह

सतना एयरपोर्ट अथॉरिटी से जुड़े अधिकारी अशोक गुप्ता के अनुसार, यह भारतीय वायुसेना की नियमित नाइट फ्लाइंग एक्सरसाइज है, जो 31 मार्च तक जारी रहेगी। यह पूरी तरह से प्रशिक्षण का हिस्सा है और किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है। विशेषज्ञों का भी मानना है कि ऐसी उड़ानें वायुसेना की तैयारी और हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से की जाती हैं।