गाजियाबाद में प्रेम विवाह के बाद टीचर की पीट-पीटकर

गाजियाबाद में टीचर की हत्या: मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह से नाराज थे ससुराल वाले

UP News

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक टीचर की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में ससुर और उसके साथियों पर हमला करने का आरोप है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती टीचर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

रास्ते में घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, घटना टीलामोड़ थाना क्षेत्र के फरुखनगर गांव की है। रविवार देर शाम टीचर अपने छोटे भाई के साथ ससुराल जा रहा था। तभी रास्ते में ससुर और उसके साथियों ने दोनों को घेर लिया। हमले के दौरान छोटा भाई किसी तरह मौके से भाग निकला। वहीं, टीचर को पकड़कर लाठी-डंडों से पीटा गया। गंभीर घायल हालत में हमलावर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल टीचर को अस्पताल पहुंचाया। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से बदहवास परिजनों के अनुसार, टीचर ने करीब एक साल पहले मुस्लिम धर्म की युवती से मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

सुलह के लिए जा रहा था ससुराल

बताया गया कि पत्नी कुछ दिन पहले मायके चली गई थी। उसी विवाद को सुलझाने के लिए टीचर ससुराल जा रहा था। तभी रास्ते में यह घटना हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ससुर और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।