गाजियाबाद में विदेशी हैंडलर का नेटवर्क में ने 9 नाबालिग, संवेदनशील ठिकानों की कर रहे थे निगरानी
गाजियाबाद में सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि नौ नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि ये सभी एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी रेलवे और अन्य संवेदनशील स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसे विदेश में साझा कर रहे थे। यह गतिविधि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानी जा रही है। 14 मार्च को कौशांबी थाना पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विशेष जांच दल (SIT) गठित कर मामले की गहराई से जांच शुरू की गई।
विदेशी हैंडलर से जुड़े तार
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को एक विदेशी हैंडलर निर्देश दे रहा था। इस नेटवर्क के तहत रणनीतिक स्थानों पर सोलर पावर और सिम-आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने अब तक ऐसे दो कैमरे बरामद किए हैं, जिनका उपयोग निगरानी और डेटा ट्रांसमिशन के लिए किया जा रहा था।
नाबालिगों की भूमिका पर सवाल
SIT जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क में शामिल नौ किशोरों को भी इसी काम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्हें हिरासत में लेकर किशोर न्याय गृह भेजा गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के फंडिंग स्रोत, तकनीकी तरीकों और अन्य संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन हो सकते हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मिलकर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।