Ghaghara River: खतरे के निशान पर घाघरा, बहराइच में बाढ़ की आहट
अनुराग गुप्ता,बहराइच: नेपाल के तराई क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब बहराइच में साफ दिखाई देने लगा है। जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली घाघरा नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है, जिससे तटवर्ती गांवों में बाढ़ की आशंका गहरा गई है। नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन के माथे पर बल डाल दिया है हालांकि प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
खतरे के निशान पर कई नदियां
सिंचाई विभाग के अनुसार एल्गिन ब्रिज से 2,56,019 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। वहीं एल्गिन, शारदा, गिरजा और घूरदेवी बैराज पर भी नदियां खतरे के निशान से महज कुछ मीटर नीचे बह रही हैं। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए अगले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
निचले इलाकों में भी असर!
नदी के उफान का असर निचले इलाकों में दिखाई देने लगा है। तटवर्ती गांवों के लोग हालात पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा है। संवेदनशील गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की गई है।
कई इलाकों में बाढ़ की आहट
यदि जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो जिले के कई निचले हिस्सों में बाढ़ का खतरा और गहरा सकता है। सरयू ड्रेनेज खण्ड के सहायक अभियंता विशाल का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।