नगर निगम के उद्यान प्रभारी के पास आय से 150 गुना अधिक संपत्ति, पौधा खरीदी में तक किया घोटाला
EOW Raid : मध्यप्रदेश। इंदौर में इस समय ईओडब्ल्यू छापेमारी कर रही है। EOW की यह रेड नगर निगम के सहायक अधीक्षक चेतन पाटिल जो उद्यान प्रभारी के रूप में कार्य कर रहें हैं, के आवास और कार्यालय पर पड़ी है। जांच में सामने आया है कि, पाटिल ने उद्यान प्रभारी रहते हुए पौधा खरीदी में घोटाला किया। भ्रष्टाचार और घूसखोरी के जरिए पाटिल ने अपनी आय से 150 गुना अधिक संपत्ति एकत्र की है।
ईओडब्ल्यू एसपी रामेश्वर सिंह यादव ने बताया कि, "नगर निगम के उद्यान प्रभारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और पौधे खरीदने में भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। भोपाल ईओडब्ल्यू ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 13(1) और (2) के तहत मामला दर्ज किया है। सर्च वारंट हासिल करने के बाद उनके आवास पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
नगर निगम के उद्यान प्रभारी चेतन पाटिल के पास से अब तक 2 जमीन, एक मकान, कुछ दोपहिया वाहन, 20 लाख रुपए का सोना, 25 लाख रुपए की एलआईसी पॉलिसी, कुछ अन्य दस्तावेज और नकद राशि मिली है। यह उनकी कुल संपत्ति का 1.85 करोड़ रुपए है, जबकि उनकी आय 15-20 लाख रुपए है। यानी उनकी संपत्ति आय से 150 फीसदी अधिक है। उन्होंने समय-समय पर पौधे खरीदे, जिसके बीच 4 करोड़ रुपए का टेंडर हुआ। इसकी शिकायत EOW के पास दर्ज है।