भोपाल के करोंद स्थित विनायक नगर में हाईटेंशन बिजली

भोपाल में रोड के बीच खड़ा बिजली टॉवर बना आफत, एम्बुलेंस तक नहीं निकल पा रही

भोपाल। राजधानी के करोंद इलाके की विनायक कॉलोनी इन दिनों एक अजीब वजह से चर्चा में है। यहां सड़क के ठीक बीचोंबीच खड़ा हाईटेंशन बिजली टॉवर आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। हालात ऐसे हैं कि कॉलोनी में एम्बुलेंस, दमकल वाहन तो दूर, कई बार सामान्य कार भी नहीं निकल पाती। दिन में कई बार यहां ट्रैफिक रुक जाता है और लोग मजबूरी में वाहन पीछे मोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। रहवासियों का कहना है कि किसी दिन बड़ा हादसा हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो 

मंगलवार को इस सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बिजली के एफिल टॉवर लाइन के नीचे सड़क बना दी गई है। कई यूजर्स ने इसे शहर की इंजीनियरिंग का नया अजूबा बता दिया। इससे पहले 90 डिग्री टर्न वाले पुल और कम ऊंचाई वाले मेट्रो स्टेशन को लेकर सवाल उठ चुके हैं, अब विनायक कॉलोनी का यह टॉवर लोगों की नाराजगी का कारण बन गया है।

height=470

चार पहिया वाहन कॉलोनी में नहीं घुस पा रहे

स्थानीय लोगों का कहना है कि टॉवर की वजह से सड़क इतनी संकरी हो गई है कि चार पहिया वाहन चालकों को कॉलोनी में घुसने में भारी दिक्कत होती है। कई बार तो वाहन आधे रास्ते से ही लौट जाते हैं सबसे बड़ी चिंता आपात स्थिति को लेकर है। यदि किसी मरीज को तुरंत अस्पताल ले जाना पड़े या दमकल वाहन की जरूरत हो, तो रास्ता ही बाधा बन जाता है।

height=533

बिजली विभाग और निगम पर सवाल

रहवासियों ने साफ कहा है कि यह बिजली विभाग और नगर निगम दोनों की लापरवाही का नतीजा है। लोगों का कहना है कि जब हाईटेंशन टॉवर लगाया गया था, तब इलाके में आबादी कम थी। बाद में क्षेत्र का विकास हुआ, लेकिन सड़क का निर्माण टॉवर के ठीक नीचे ही कर दिया गया। अब इस गलती की सजा आम जनता भुगत रही है। नगर निगम भोपाल के जनसंपर्क अधिकारी पीएस शुक्ला ने कहा कि हम पूरे मामले की जांच करा रहे हैं। बिजली कंपनी से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।