स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने न

Kamalapur DM Action: कमलापुर में डीएम का सख्त रुख, ANM का वेतन रोकने के निर्देश

Kamalapur DM Action: कमलापुर में डीएम का सख्त रुख, ANM का वेतन रोकने के निर्देश

हिमांशु सिंह, सीतापुर: स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने निकले जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को विकासखंड कसमण्डा के प्राथमिक विद्यालय कमलापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्र में कई खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और लापरवाही बरतने वाली एएनएम के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अगले आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए।

डीएम ने दिया सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित टीकाकरण सत्र का निरीक्षण कर एएनएम से टीकाकरण व्यवस्था, आइस बॉक्स और वैक्सीनेशन किट की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित गर्भवती महिलाओं से भी टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में बातचीत की। इस दौरान एचआरपी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों के निरीक्षण में कई त्रुटियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

एएनएम का वेतन रोकने के निर्देश

आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के अभिलेखों की जांच में भी कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वहीं, एएए बैठक से संबंधित कोई अभिलेख अथवा सूची मौके पर उपलब्ध न मिलने को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित एएनएम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।