PM मोदी के AI फोटो बनाना पड़ा भारी, वायरल होते ही मचा बवाल
आजकल सोशल मीडिया पर आपने भी PM मोदी के AI वाले फोटो और वीडियो देखे ही होंगे। लेकिन क्या आपने ये कभी सोचा था कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। जी हां, कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने प्रधानमंत्री मोदी के AI से फोटो बना कर पोस्ट कर दिया। लेकिन उसको वह इतना भारी पड़ा कि दिल्ली पुलिस ने बिहार तक उसे नहीं छोड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब आप ही सोच रहे होंगे कि AI फोटो बनाना इतना भारी कैसे हो सकता है कि जेल हो जाए। इसके लिए आपको पूरे मामले को जानना होगा।
आरोपी को किया गिरफ्तार
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने AI का यूज करके गलत और भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस बार मामला देश के प्रधानमंत्री से जुड़ा था, जिसमें AI की मदद से PM मोदी की आपत्तिजनक फोटो बनवाई गई और उन्हें वायरल किया जा रहा था।
पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि आरोपी बिहार का रहने वाला है। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिहार के अरवल जिले के मौलानाचक गांव से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सिद्धनाथ कुमार के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लेकर दिल्ली लाया गया है, जहां स्पेशल सेल अब उससे पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला तब सामने आया जब लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल में शिकायत दर्ज की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल कर प्रधानमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं। इसके बाद इन तस्वीरों को अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट्स से शेयर कर वायरल किया गया।
सिर्फ इतना ही नहीं, आरोपी ने एक महिला विधायक और विदेश की एक महिला नेता की तस्वीरों के साथ भी छेड़छाड़ की और उन्हें ऑनलाइन पोस्ट किया। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रही है कि ये फर्जी तस्वीरें कितनी दूर तक फैलीं, किन-किन लोगों तक पहुंचीं और क्या इसमें कोई संगठित गिरोह शामिल है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन पोस्ट्स का मकसद समाज में भ्रम फैलाना या माहौल बिगाड़ना तो नहीं था।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें जालसाजी, मानहानि और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।