दिल्ली में अब 13 जिले, नए नक्शे के अनुसार होगी जनगणना
दिल्ली सरकार ने राजस्व विभाग के तहत नए जिलों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। पहले 11 जिलों में विभाजित दिल्ली अब 13 जिलों में बंट गई है। इसी बदलाव के तहत SDM ऑफिसों की संख्या भी 33 से बढ़कर 39 हो गई है। अधिसूचना के अनुसार, यह बदलाव तुरंत लागू हो गया है।
नए जिलों के आधार पर होगी जनगणना
आगामी वर्ष दिल्ली में होने वाली जनगणना अब नए जिलों के अनुसार की जाएगी। इसके अलावा, नागरिक अब प्रमाण पत्र, संपत्ति पंजीकरण और अन्य प्रशासनिक कामकाज के लिए DM ऑफिसों में आवेदन करेंगे। सरकार ने MCD के 12 जोन और प्रशासनिक जिलों की सीमाओं को मिलाकर 12 जिले बनाए हैं, जबकि NDMC और दिल्ली कैंट को मिलाकर 13वां जिला गठित किया गया है।
DM ऑफिस होंगे सचिवालय के रूप में विकसित
कुछ जिलों के DM ऑफिस मौजूदा कार्यालयों में ही रहेंगे, जबकि कई के नए ऑफिस MCD जोन ऑफिस को DM कार्यालय में बदलकर विकसित किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य इन ऑफिसों को मिनी सचिवालय के रूप में विकसित करना है, जिससे नागरिक सुविधा और प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा।
जान ले जिला DM ऑफिस के पते
साउथ-ईस्ट: ओल्ड गार्गी कॉलेज बिल्डिंग, लेडी श्री राम कॉलेज के पीछे, लाजपत नगर-IV
पुरानी दिल्ली: दरियागंज में मौजूदा ऑफिस
नई दिल्ली: जामनगर हाउस, शाहजहां रोड
सेंट्रल: फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स बिल्डिंग, झंडेवालान
सेंट्रल-नॉर्थ: ओल्ड मिडिल स्कूल बिल्डिंग, लॉरेस रोड, रामपुरा
साउथ वेस्ट: डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स, कापसहेड़ा
आउटर-नॉर्थ: DM ऑफिस कॉम्प्लेक्स, अलीपुर
नॉर्थ वेस्ट: DC ऑफिस कॉम्प्लेक्स, कंझावला
नॉर्थ ईस्ट: DC ऑफिस कॉम्प्लेक्स, नंद नगरी
ईस्ट: एल.एम. बंध, शास्त्री नगर गीता कॉलोनी
साउथ: एम.बी. रोड, साकेत
वेस्ट: प्लॉट नं. 3, शिवाजी प्लेस, राजा गार्डन
फरवरी 2026 से जनगणना
दिल्ली में 2026 में शुरू होने वाली जनगणना नए जिलों की सीमाओं के अनुसार होगी। पहले चरण में संपत्तियों की जनगणना की जाएगी। सरकार का कहना है कि नए प्रशासनिक ढांचे के आधार पर जनगणना होने से विकास योजनाओं को बनाने और लागू करने में आसानी होगी।