दिल्ली में 70 लाख की ड्रग्स बरामद, युगांडा की महिला गिरफ्तार; कॉलेज छात्रों को सप्लाई का आरोप
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने मोहन गार्डन इलाके से युगांडा की 26 वर्षीय महिला जैकलीन नामुलोंडो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 117 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी कॉलेज छात्रों और युवाओं को ड्रग्स सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर उसके किराए के मकान पर छापेमारी की गई, जहां से मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में सामने आया है कि जैकलीन जुलाई 2025 में तीन महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी देश में अवैध रूप से रह रही थी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एम्फेटामाइन कहां से लाई गई थी और आरोपी का दिल्ली या अन्य राज्यों में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक उसके खिलाफ किसी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।