पार्टी एकजुट, अब जीत के संकल्प के साथ चुनाव में उतरेगी भाजपा
सुबह बवाल, शाम को संगठन ने संभाली स्थिति
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद उपजा राजनीतिक संकट दतिया से लेकर राजधानी भोपाल तक चर्चा का केंद्र बना रहा। देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुलाकात की। नेताओं के बीच दतिया उपचुनाव में टिकट को लेकर उपजी स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई। हालांकि बाद में पार्टी ने कहा कि अब सब कुछ सामान्य है। पार्टी घोषित प्रत्याशी के समर्थन में एकजुट नजर आई।
इस पूरी कवायद के बीच दतिया में अब शांति बहाल हो चुकी है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी रविवार को दतिया पहुंचेंगे और 13 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। उधर, भाजपा ने दतिया में पार्टी के भीतर असंतोष और स्थिति से निपटने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं की टीम उतार दी है। दतिया भेजे गए वरिष्ठ नेताओं में मुख्य रूप से उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और चंबल संभाग के प्रभारी डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव शामिल हैं। दोनों नेताओं ने वहां के नाराज स्थानीय नेताओं से मुलाकात की, उनके गिले-शिकवे सुने और समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान यह खबर भी वायरल हुई कि भाजपा ने चुनावी रणनीति और मामले के समाधान में भूमिका निभाने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को कमान सौंपी है, लेकिन पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा के बाद दतिया में उपजा विवाद शनिवार दोपहर तक चलता रहा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, पथराव, लाठीचार्ज और अश्रुगैस के बीच हालात तनावपूर्ण रहे। इस दौरान एसडीओपी सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। चक्काजाम और पथराव के आरोप में 27 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मिलकर जीतेंगे दतिया उपचुनाव : खंडेलवाल
डॉ. नरोत्तम मिश्रा के साथ चर्चा के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा ने आशुतोष तिवारी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। मेरी जानकारी में आया है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए हैं। हालांकि मुझे कोई भी इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि सभी कार्यकर्ता चुनावी काम में जुटें, इसलिए किसी का भी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा हमारे वरिष्ठ नेता हैं। उनके मार्गदर्शन में हम दतिया का चुनाव लड़ेंगे और भारी बहुमत से जीतेंगे।
दतिया उपचुनाव की अच्छी तैयारी है
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि दतिया उपचुनाव की अच्छी तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जो निर्णय हुआ है, उसके साथ दतिया की पूरी भारतीय जनता पार्टी खड़ी है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने अच्छा बयान दिया है और सभी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भी उनकी चर्चा हुई है। हमारे जिलाध्यक्ष, संभाग प्रभारी, महामंत्री, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और सभी कार्यकर्ता साथ हैं। सभी ने संकल्प लिया है कि 13 जुलाई का नामांकन ऐतिहासिक होगा।
कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे : विजयवर्गीय
प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों की नाराजगी भाजपा के लिए कोई असामान्य स्थिति नहीं है। पार्टी सभी कार्यकर्ताओं से संवाद करेगी। भाजपा हर फैसला पूरी प्रक्रिया और विचार-विमर्श के बाद लेती है तथा पार्टी का निर्णय सभी के लिए सर्वोपरि होता है।
दतिया को जिताने की बात हुई : मिश्रा
मुख्यमंत्री निवास से निकलने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दतिया को जिताने की बात हुई। दतिया हम जीत रहे हैं और जीतेंगे। उन्होंने कहा कि मैं समर्थकों से कह चुका हूं कि सभी धैर्य और शांति का परिचय दें। धीरे-धीरे सब ठीक हो रहा है। 13 जुलाई को मैं दतिया जाऊंगा।
पार्टी संगठन का निर्णय सभी मानेंगे
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रत्याशी के चयन का निर्णय भाजपा का निर्णय है। पार्टी के इस निर्णय को सभी मानेंगे। संगठन सर्वोपरि है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा संगठन को अच्छी तरह जानते हैं। पूरी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ती है। हम सभी परिवार भाव से भाजपा को जिताएंगे।