मंच टूटा, 10 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल, प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने किया वाटर कैनन का उपयोग...
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन भोपाल में किसान कांग्रेस ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। सोमवार को रंगमहल चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कांग्रेस का मंच अचानक गिर गया।
जानकारी के मुताबिक, मंच टूटने से 10 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। इनमें मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी शामिल हैं। हादसे के बाद प्रदर्शनकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोग घायल अवस्था में इधर-उधर भागते नजर आए।
पुलिस ने वाटर कैनन का किया प्रयोग
घटना के कुछ देर बाद ही किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने की कोशिश की।
#WATCH | Bhopal: Madhya Pradesh Police use water cannons to disperse the Congress workers who were protesting over farmers' issues pic.twitter.com/ea2Z2ReTFt
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) March 10, 2025
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों की मांगों को लेकर आक्रोश जताया।
घायल कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे जीतू पटवारी...
विधानसभा घेराव के दौरान मंच टूटने की घटना में घायल हुए कार्यकर्ताओं से मिलने जीतू पटवारी अस्पताल पहुंचे।
आज भोपाल में विधानसभा घेराव के दौरान मंच टूटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई! इसमें कांग्रेस के कई जांबाज सहयोगी घायल हुए हैं!प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री हरीश जी चौधरी के साथ अस्पताल पहुंचकर उपचारत साथियों का हाल-चाल जाना और उनकी हिम्मत बढ़ाई. pic.twitter.com/MplAAiTGRG
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) March 10, 2025
क्यों हुआ प्रदर्शन?
किसान कांग्रेस का यह प्रदर्शन राज्य में किसानों की समस्याओं, फसलों के उचित मूल्य, बिजली संकट और कर्ज माफी जैसी मांगों को लेकर किया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है, जिससे वे आर्थिक तंगी में हैं।
फिलहाल घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास जारी है। घायल कार्यकर्ताओं को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।