लखीमपुर खीरी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने मियांपुर ग

लखीमपुर खीरी में CM योगी ने मियांपुर का नाम बदला ‘रविंद्र नगर’, कहा - 'एक भी मियां नहीं, नाम मियांपुर'

लखीमपुर खीरी: योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखीमपुर खीरी दौरे के दौरान बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के मियांपुर गांव का नाम बदलकर ‘रविंद्र नगर’ करने की घोषणा की। मोहम्मद तहसील क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने मियांपुर गांव का नाम बदलने का लान किया। उन्होंने कहा कि गांव में  'एक भी मियां नहीं, नाम मियांपुर'।  

गांव का नाम बदलने की वजह बताई?

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि गांव का नाम गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पहले की सरकारों ने लोगों की पहचान छिपाने का काम किया, जिसे अब बदला जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने जिले में कुल 817 करोड़ रुपये की 300 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

विस्थापित परिवारों को मिला मालिकाना हक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से आए विस्थापित परिवारों को जमीन का मालिकाना हक सौंपा। इसके अलावा 4356 थारू परिवारों को भी भूमि अधिकार पत्र वितरित किए गए। बताया गया कि ये परिवार लंबे समय से जमीन का उपयोग कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें आधिकारिक स्वामित्व मिला है। 

विपक्ष और तुष्टिकरण की राजनीति पर हमला

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति की। उन्होंने कहा कि “सच्चा शासन वही है, जहां जनता सुखी हो और बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिले।”

राजनीतिक संदेश भी स्पष्ट

इस दौरे को आगामी चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। गांव का नाम बदलने और विस्थापित परिवारों को अधिकार देने जैसे फैसलों को सरकार की बड़ी राजनीतिक रणनीति माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास किया जा रहा है।