दो दिवसीय जापान दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख

जापान दौरे पर UP के सीएम योगी का निवेश का संदेश, विरासत और विकास का मंत्र

cm yogi Adityanath in Tokya

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार दो दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे हुए हैं। वहां एक नन्ही बच्ची ने पारंपरिक तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की बदली तस्वीर और नई संभावनाओं पर विस्तार से बात की।

उत्तर प्रदेश की नई पहचान पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश दंगों और अंधकार से नहीं, बल्कि विकास, विरासत और उत्सवों से पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी होती है। अपनी परंपरा पर गर्व करना ही आगे बढ़ने की पहली शर्त है।

उन्होंने प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें करोड़ों श्रद्धालु पहुंचे, जो कई देशों की आबादी से भी अधिक हैं। वर्ष भर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और बौद्ध तीर्थों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे।

दीपोत्सव से बदली अयोध्या की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले दीपावली इतनी भव्यता से नहीं मनाई जाती थी। पहली बार जब दीप प्रज्ज्वलन का निर्णय लिया गया, तब बड़ी संख्या में दीपक जुटाना भी चुनौती था।

आज अयोध्या में लाखों दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होते हैं और ये सभी स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए जाते हैं। वाराणसी की देव दीपावली, मथुरा-वृंदावन का रंगोत्सव और बरसाना की लट्ठमार होली जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत कर रहे हैं।

कानून व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में कनेक्टिविटी और बिजली की गंभीर समस्या थी। अब स्थिति बदल चुकी है। सरकार ने भयमुक्त वातावरण और चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य पूरा किया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश को अपराध और अराजकता से मुक्त कर विकास की राह पर आगे बढ़ाया गया है।

निवेशकों को खुला आमंत्रण

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश ने अपनी अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने जापान में मौजूद उद्यमियों और निवेशकों से अपील की कि वे उत्तर प्रदेश के सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में निवेश करें और अपने उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।