मुख्यमंत्री ने डॉ. हेडगेवार के समता के भाव का उल्ल

डॉ. हेडगेवार के समता के भाव को राष्ट्र आज भी कर रहा अंगीकार : मुख्यमंत्री

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में संस्कार भारती द्वारा महानाट्य 'युग प्रवर्तक डॉ. हेडगेवार' का मंचन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रवादी विचारधारा के संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने देशभक्ति के साथ समानता का दर्शन दिया था। वे भारत माता को मिलने जा रही स्वतंत्रता को कायम रखने के महत्व को पहले ही समझ चुके थे। इसी कारण उन्होंने राष्ट्रहित में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया। वे दूरदर्शी सोच के साथ रचनात्मक प्रकल्प संचालित करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. हेडगेवार के समता के भाव को आज राष्ट्र भी अंगीकार कर रहा है। समान नागरिक संहिता लागू करने की पहल भी इसी भाव को दृष्टिगत रखते हुए की गई है।कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्य क्षेत्र के सह क्षेत्र कार्यवाह हेमंत मुक्तिबोध ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्र को वैभव की ओर ले जाने के भरसक प्रयास किए। यह नाटक उनके जीवन के समर्पण, राष्ट्रनिष्ठा और कर्म-आधारित जीवन के स्वरूप को सामने लाने का माध्यम है।

इस अवसर पर मंच पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्य भारत प्रांत के प्रांत संघचालक अशोक पांडे, फिल्म अभिनेता एवं रंगमंच निर्देशक राजीव वर्मा, शशि भाई सेठ, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, संस्कृति संचालक एन.पी. नामदेव तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में रविंद्र सहस्त्रबुद्धे ने आभार व्यक्त किया।