हिरण का शिकार करना पड़ गया भारी, वन विभाग की टीम न

रिसॉर्ट में पक रहा था हिरण का मांस, बिलासपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से वन्यजीव शिकार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां कोटा क्षेत्र के बेलगहना वन परिक्षेत्र स्थित कुरदर के एक एथनिक रिसॉर्ट में हिरण का शिकार किया गया और उसका मांस पकाया गया। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां किचन में पकाते समय मांस बरामद किया गया और रिसॉर्ट के मैनेजर समेत 4 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

मैनेजर समेत 4 लोग गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, यह रिसॉर्ट पर्यटन मंडल द्वारा चलाया जा रहा था, जहां कई कर्मचारी काम करते थे। छापेमारी के दौरान कड़ाही में मांस पकाया जा रहा था, जो कर्मचारियों के लिए तैयार किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके से कुक रामकुमार टोप्पो सहित मैनेजर रजनीश सिंह और अन्य कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

कुक बोला, मुझे नहीं पता था यह किसका मांस है

टीम ने जब पूछताछ की तो मैनेजर ने पूरा मामला कुक पर डाल दिया और खुद ने इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं ली। वहीं कुक का कहना है कि उन्हें इसके बारे में कुछ नहीं पता था और गांव के एक व्यक्ति ने पत्तों में मांस लाकर उन्हें दिया था, और यह किस जानवर का मांस है, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी।

वन विभाग ने जब्त मांस को जांच के लिए जबलपुर लैब भेजने की तैयारी की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह हिरण का ही मांस है या नहीं। फिलहाल शिकार से जुड़े अन्य सबूत नहीं मिल पाए हैं, लेकिन मामले की जांच जारी है।