छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता के घर

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता के घर घुसकर फायरिंग, एक बेटे की मौत, दूसरा गंभीर

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हैं। 

नकाबपोश हमलावरों ने घर में घुसकर की फायरिंग

घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है। देर रात करीब 12:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने सीधे परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छोटे भाई को भी गोली लगने से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

परिवार का दावा- पहले से हो रही थी रेकी

मृतक की बहन ने बताया कि हमलावर पहले से आयुष के बारे में जानकारी जुटा रहे थे। करीब एक सप्ताह पहले कुछ युवक गांव में पूछताछ करते हुए देखे गए थे। इससे घटना के पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है।

रेत कारोबार विवाद की आशंका

परिजनों ने इस हमले के पीछे रेत कारोबार से जुड़े विवाद की संभावना जताई है। बताया जा रहा है कि आयुष कश्यप हाल ही में इस व्यवसाय में सक्रिय हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी संभावित एंगल से जांच जारी है।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है और जांच में तेजी लाई गई है।