Train News: गर्मी में कन्फर्म टिकट की राहत, चर्लापल्ली-दानापुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
रायपुर। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। दक्षिण मध्य रेलवे ने चर्लापल्ली से दानापुर के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह स्पेशल ट्रेन 27 मई 2026 को एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी। रेलवे को उम्मीद है कि इससे यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ कम होगी और कन्फर्म सीट मिलने में राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से इस विशेष सुविधा का लाभ उठाने की अपील भी की है।
27 मई को चलेगी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन बुधवार 27 मई 2026 को दोपहर 1 बजे चर्लापल्ली स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन रात 11:55 बजे दानापुर स्टेशन पहुंचेगी। गर्मी के सीजन में बिहार और उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा। चांदाफोर्ट स्टेशन पर ट्रेन रात 8:10 बजे पहुंचेगी और 8:12 बजे रवाना होगी। इसके बाद गोंदिया में 11:45 बजे आगमन और 11:55 बजे प्रस्थान का समय तय किया गया है। बालाघाट जंक्शन, नैनपुर समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी ट्रेन का स्टॉपेज दिया गया है, जिससे मध्य भारत के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
यात्रियों के लिए बढ़ाई गई कोच क्षमता
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में कुल 24 ICF कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें 3 एसी टू टियर, 5 एसी थ्री टियर, 10 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे। ज्यादा कोच जोड़ने का उद्देश्य यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची को कम करना और यात्रा को ज्यादा आरामदायक बनाना है।
छुट्टियों में रेलवे पर बढ़ा दबाव
गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है। खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो जाता है। इसी दबाव को देखते हुए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर रहा है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि अतिरिक्त फेरों और स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।