छत्तीसगढ़ बोर्ड 12वीं हिंदी पेपर रद्द, अब 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन ने हिंदी विषय की परीक्षा रद्द कर दी है। 14 मार्च 2026 को हुई परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी और छात्रों को दोबारा एग्जाम देना होगा। मंडल के इस फैसले के बाद हजारों छात्र असमंजस में हैं, क्योंकि परीक्षा दोबारा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी।
पेपर लीक के दावों के बाद लिया गया फैसला
दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया पर हिंदी पेपर के सेट ‘बी’ के लीक होने की खबरें सामने आई थीं। मामला सामने आते ही इसे गंभीरता से लिया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के बाद 23 मार्च को बोर्ड की परीक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें पेपर लीक की पुष्टि के आधार पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
अब इस समय पर होगी परीक्षा
मंडल के मुताबिक, नई परीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। छात्रों को 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका, 9:10 बजे प्रश्नपत्र और 9:15 बजे से लिखने की प्रक्रिया शुरू होगी। बोर्ड ने छात्रों से नई तारीख को ध्यान में रखते हुए तैयारी जारी रखने की अपील की है।
10 घंटे पहले वायरल हुआ था पेपर
जानकारी के मुताबिक, हिंदी का पेपर एग्जाम शुरू होने से करीब 10 घंटे पहले ही टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया था। 13 मार्च की रात एक ग्रुप में शेयर हुई इमेज कुछ ही मिनटों में हजारों छात्रों तक पहुंच गई। इसमें दिए गए सवाल 14 मार्च को हुए असली पेपर से पूरी तरह मेल खाते थे। यही जांच का सबसे बड़ा आधार बना।
साइबर जांच में जुटी पुलिस
मामले की जांच अब साइबर पुलिस कर रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि ज्यादातर चैट्स और ग्रुप्स डिलीट कर दिए गए हैं। हालांकि स्क्रीनशॉट्स और डिजिटल ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इसमें कई लेयर्स में पेपर शेयर हुआ, जिससे असली सोर्स तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल हो रहा है।
छात्रों में चिंता, तैयारी पर असर
पेपर रद्द होने से छात्रों में चिंता जरूर बढ़ी है। कई छात्र अब दोबारा तैयारी को लेकर दबाव महसूस कर रहे हैं। वहीं, कुछ का कहना है कि इससे उनकी आगे की परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है। फिलहाल बोर्ड ने साफ कर दिया है कि परीक्षा तय समय पर ही होगी। चाहे उस दिन कोई छुट्टी क्यों न घोषित हो जाए।