बुरहानपुर पुलिस ने हत्या और लूट जैसे मामलों में वा

हत्या-लूट का आरोपी शाहरुख पिस्टल के साथ गिरफ्तार, तीन जिलों में फैला था नेटवर्क

MP News

बुरहानपुर। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ खकनार पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में वांछित अंतरजिला बदमाश को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, पल्सर बाइक और मोबाइल सहित 1.37 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाया और इसे किस वारदात में इस्तेमाल करने की तैयारी थी।

मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी अभिषेक जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खकनार खुर्द स्थित माता नदी माता मंदिर के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शाहरुख उर्फ शारुख खान के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

हत्या से लेकर सशस्त्र लूट तक

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहरुख कोई सामान्य आरोपी नहीं, बल्कि तीन जिलों में सक्रिय आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हरदा, खंडवा और बुरहानपुर में हत्या, सशस्त्र लूट, लूट का प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे आधा दर्जन से अधिक गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। हरदा के छिपावड़ थाने में हत्या और डकैती, बुरहानपुर के लालबाग थाने में लूट और लूट के प्रयास तथा खंडवा के मोघट रोड थाने में आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

क्या किसी बड़ी वारदात की थी तैयारी?

आरोपी के पास से अवैध पिस्टल मिलने के बाद पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि वह किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन और उसके अन्य साथियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पूछताछ के आधार पर पुलिस जल्द ही और खुलासे होने की संभावना जता रही है।

अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन 

खकनार थाना पिछले कुछ महीनों से अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रहा है। 31 दिसंबर 2025 को पुलिस ने ग्राम पचौरी के जंगल में दबिश देकर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में पांच देशी पिस्टल बरामद हुई थीं और मुख्य आरोपी रेहराज उर्फ रेहरास को गिरफ्तार किया गया था। ताजा कार्रवाई को उसी अभियान की बड़ी कड़ी माना जा रहा है। 

कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव के साथ उपनिरीक्षक शंकर लोने, प्रधान आरक्षक सतीश सूर्यवंशी, आरक्षक जितेंद्र चौहान, राकेश डावर, सबलसिंह देवड़ा, सुनील धुर्वे, अनिल डावर सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।