बिलासपुर में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नारा

पहचान छिपाकर रिश्ते की बात, इनकार के बाद बिलासपुर में युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर के पास स्थित एक गैरेज में घुसकर युवती के पिता पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना गैरेज में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सरनेम छिपाकर चल रही थी शादी की बात

जानकारी के अनुसार कुदुदंड पानी टंकी क्षेत्र निवासी साहिल मरावी सिविल लाइन इलाके में रहने वाली एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने अपना असली सरनेम छिपाकर खुद को साहिल मानिकपुरी बताया था और इसी पहचान के आधार पर युवती के परिवार से संपर्क किया था।

शुरुआत में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई, लेकिन बाद में युवती के परिजनों को साहिल की वास्तविक पहचान की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने रिश्ता करने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बावजूद साहिल लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी के लिए दबाव बना रहा था।

परिवार पर बना रहा था दबाव

परिजनों के मुताबिक आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान होकर परिवार ने अपना किराए का मकान छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी युवती और उसके परिवार का पीछा नहीं छोड़ रहा था।

गैरेज में घुसकर किया जानलेवा हमला

सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी घर के पास स्थित एक गैरेज में अपनी बाइक की मरम्मत कराने पहुंचे थे। इसी दौरान साहिल मरावी वहां चाकू लेकर पहुंचा और उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने मोहितदास के सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

गैरेज में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी युवती के पिता पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसने कुल 6 बार चाकू से वार किए। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पीड़ित ने हमलावर का विरोध किया और उसे पकड़ने की कोशिश की।

फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन वह खुद ही गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

परिवार का आरोप- पहले शिकायत पर नहीं की कार्रवाई

पीड़ित परिवार और रिश्तेदारों का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले साहिल ने युवती के साथ बीच सड़क पर मारपीट की थी, जिससे वह बेहोश हो गई थी। इस मामले की शिकायत लेकर परिवार सिविल लाइन थाने भी पहुंचा था। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने केवल आवेदन लेकर उन्हें वापस भेज दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि यदि उसी समय सख्त कदम उठाए गए होते तो सोमवार को हुई चाकूबाजी की घटना टाली जा सकती थी। हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने परिवार के थाने आने और शिकायत दर्ज कराने के दावे से इनकार किया है।