रामनगरी से योगी का विपक्ष पर वार, बोले- 'हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने वाले ,जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा करा पाएंगे
बीकापुर में 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की दी सौगात
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और अयोध्या के विकास कार्यों को डबल इंजन सरकार की उपलब्धि बताया।
हनुमानगढ़ी और जामा मस्जिद को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल आस्था का दिखावा करते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "जिन लोगों ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाई थी, क्या वे जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकते हैं?" उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हो सकता, तो हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों कराया गया। योगी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अयोध्या को सनातन संस्कृति की राजधानी के रूप में स्थापित किया, जबकि विपक्ष ने केवल राजनीति की।
दो नगर पंचायतों के नाम बदलने का ऐलान
मुख्यमंत्री ने बीकापुर विधायक की मांग पर ग्राम पंचायत खिरौनी-सुचित्तागंज को बनने वाली नगर पंचायत का नाम 'मां ज्वाला देवी नगर पंचायत' रखने की घोषणा की। वहीं, भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर 'भरतनगर-भरतकुंड' किए जाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भरतकुंड भगवान भरत की तपोभूमि है और इसकी धार्मिक पहचान को सम्मान मिलना चाहिए।
'सक्रिय जनप्रतिनिधि हों तो विकास तेज होता है'
योगी ने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है तो विकास अपने आप गति पकड़ता है। उन्होंने कहा कि बीकापुर सहित अयोध्या, मिल्कीपुर, गोसाईगंज और रुदौली में विकास कार्य इसलिए तेजी से हुए क्योंकि यहां के जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जनता द्वारा चुने गए जिम्मेदार प्रतिनिधि क्षेत्र की तस्वीर बदल सकते हैं।
अयोध्या आज दुनिया की आस्था का केंद्र है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय अयोध्या सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसती थी। श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब अयोध्या आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मां सरयू के घाटों का कायाकल्प हुआ है और शहर तेजी से विकसित हुआ है।
'तीनों लोकों से न्यारी बन गई है अयोध्या'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप अयोध्या आज सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। नए घाट से लेकर गुप्तार घाट तक व्यापक विकास कार्य हुए हैं। सूरजकुंड के पुनरुद्धार और भरतकुंड के सौंदर्यीकरण का भी काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने लोगों से परिवार के साथ अयोध्या और गुप्तार घाट घूमने का आह्वान किया।
राम मंदिर को लेकर कांग्रेस-सपा पर हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं, लेकिन डबल इंजन सरकार बनने के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ। अब अयोध्या आने वाला हर श्रद्धालु यहां के बदलते स्वरूप को देखकर अभिभूत हो जाता है।