भोपाल में 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल देने से मना

200 रुपए से अधिक का पेट्रोल देने से मना करना पड़ा भारी, तो प्रशासन नेनायरा पंप पर लिया एक्शन

Petrol pump Seal

भोपाल। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की किल्लत की अफवाह को लेकर लोग वाहन फूल कराने पहुंच रहे हैं। इसी दौरान बुधवार की शाम एयरपोर्ट रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचे वाहन चालक को कर्मचारी ने 200 रुपए से अधिक का पेट्रोल देने पर मना कर दिया। बता दें कि अफवाहों के बीच भोपाल में पेट्रोल पंप सील करने की पहली कार्रवाई हुई है। 

इसका वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। मौके पर खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि वायरल वीडियो में कर्मचारी और ग्राहक के बीच पेट्रोल को लेकर विवाद होते दिख रहा था। ग्राहक 300 रुपए का पेट्रोल मांग रहा था, लेकिन कर्मचारी ने 200 रुपए से अधिक का पेट्रोल देने से इंकार कर दिया। वायरल वीडियो की हमने जांच करवाई।

पेट्रोल पंप पर छापामार कार्रवाई

वीडियो सही पाए जाने पर हमने पेट्रोल पंप पर छापमारी कार्रवाई की। मौके पर कर्मचारी ने बताया कि उसने 200 रुपए की सीमा तय की थी। कर्मचारी के कथन पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तुंरत पेट्रोल पंप को सील कर दिया। बता दें कि पेट्रोल को लेकर जारी अफवाहों के बीच जिला प्रशासन की ये पहली कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद राजधानी के अन्य पेट्रोल पंपों पर हडक़ंप मच गया है। 

भोपाल में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किल्लत नहीं

खाद्य नियंत्रक जादौन ने बताया कि राजधानी में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कही कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान ना दें। सभी पंपों और गैस वितरकों पर पर्याप्त मात्रा में स्टॅाक है। जिला प्रशासन पल-पल निगरानी रख रहा है। कोई भी पंप मालिक पेट्रोल- डीजल मना नहीं कर सकता है। अगर कोई मना करें, तो नागरिक इसकी सूचना कलेक्टर हेल्पलाइन पर दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकें।