भोपाल मेट्रो की टाइमिंग को लेकर बड़ा अपडेट, अब सुबह 11 से शाम 4.30 तक संचालन
भोपाल। एमपी मेट्रो कार्पोरेशन की संचालित भोपाल मेट्रो के संचालन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। तीसरी बार इसके संचालन के समय में बदलाव हुआ है। यह समय गुरुवार से परिवर्तन किया जा रहा है। अब भोपाल मेट्रो सुभाष नगर से एम्स के हीच सुबह 11 से शाम 4.30 तक चलेगी।
बता दें कि अभी एक ही लाइन पर मेट्रो आवाजाही कर रही है, जबकि दूसरी लाइन और इस पर चलाने मेट्रो का एक अतिरिक्त कोच तैयार है। फिलहाल 7 किमी लंबे मेट्रो स्टेशनों पर सिग्नलिंग कार्य समेत यात्री सुविधाओं का विकास कार्य चल रहा है।
क्यों लिया गया है बदलाव का फैसला?
भोपाल मेट्रो परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी धीरज शुक्ला ने बताया कि यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा सिग्नलिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने मेट्रो संचालन की समय-सारिणी में 3 अप्रैल से आंशिक परिवर्तन किया जा रहा है। संशोधित समय-सारिणी के अनुसार गुरुवार से भोपाल मेट्रो का संचालन प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से सायं 4.30 बजे तक होगा। यह नई समय-सारिणी मेट्रो सेवा की ऑरेंज लाइन पर सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि यह परिवर्तन सिग्नलिंग प्रणाली के शेष कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करने तथा भविष्य में ट्रेनों के बीच समय अंतराल को कम करने लिया गया है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
एम्स से प्रस्थान समय : सुबह 11.00, 12.15, 13.30, 14.45 और 16 बजे। (कुल 5 फेरे) सुभाष नगर से प्रस्थान समय : 11.40, 12.55, 14.10 और 15.25 बजे। (कुल 4 फेरे)