भोपाल मेट्रो के कोच में पहली बार DJ और डांस इवेंट

भोपाल मेट्रो बना डांस फ्लोर, चलती ट्रेन में DJ पार्टी और फिटनेस इवेंट, जानें क्या है नियम

Bhopal Metro News

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चलने वाली मेट्रो एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार वजह सफर नहीं बल्कि मेट्रो के अंदर हुआ खास इवेंट है। शहर में पहली बार चलती मेट्रो के कोच को डांस फ्लोर में बदल दिया गया, जहां लोगों ने डीजे की धुन पर जमकर मस्ती की। यह इवेंट ‘जरा हटके इवेंट्स’ और ‘बॉस लेडी भोपाल’ के संयुक्त आयोजन में हुआ। करीब 100 लोगों ने इसमें हिस्सा लिया और मेट्रो सफर को एक अलग अनुभव में बदल दिया।

AIIMS स्टेशन से शुरू हुआ इवेंट

कार्यक्रम की शुरुआत AIIMS मेट्रो स्टेशन से हुई। यहां प्रतिभागियों के लिए फिटनेस गेम्स और आइस ब्रेकिंग एक्टिविटीज कराई गईं, ताकि माहौल को इंटरैक्टिव और एनर्जेटिक बनाया जा सके। इसके बाद सभी प्रतिभागी मेट्रो में सवार हुए और सफर के दौरान डीजे म्यूजिक पर डांस शुरू हो गया।

चलती मेट्रो में एक घंटे तक पार्टी

मेट्रो जब AIIMS स्टेशन से सुभाष नगर की ओर रवाना हुई, तो कोच पूरी तरह पार्टी मोड में नजर आया। युवाओं ने बॉलीवुड और पार्टी ट्रैक्स पर डांस किया। सफर के दौरान माहौल लगातार एनर्जेटिक बना रहा। वापसी यात्रा में भी लोगों ने म्यूजिक और मस्ती का आनंद लिया। लगभग एक घंटे तक पूरा कोच डांस फ्लोर में बदल गया।

फिटनेस गेम्स और एक्टिविटीज भी शामिल

इवेंट की शुरुआत में पासिंग द पार्सल, बॉल बैलेंस और रिफ्लेक्स जैसे गेम्स कराए गए। विजेताओं को फूड कूपन और छोटे गिफ्ट्स भी दिए गए। आयोजकों का कहना है कि पूरा इवेंट फिटनेस और सोशल इंटरैक्शन थीम पर डिजाइन किया गया था।

मेट्रो पॉलिसी से आया आइडिया 

आयोजक नम्रता तालेगांवकर के मुताबिक, भोपाल मेट्रो की ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ पॉलिसी से उन्हें इस तरह का इवेंट करने का आइडिया मिला। उन्होंने मेट्रो प्रशासन से अनुमति लेकर सभी नियमों के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। डीजे टीम ने बताया कि मेट्रो प्रशासन की ओर से साउंड लिमिट और सुरक्षा के सख्त निर्देश दिए गए थे। बैटरी आधारित उपकरणों का इस्तेमाल किया गया ताकि सिस्टम पर कोई असर न पड़े।

कई लोगों को नहीं मिला मौका

आयोजकों के अनुसार इवेंट के लिए काफी ज्यादा रजिस्ट्रेशन आए थे। क्षमता पूरी होने के कारण कई लोगों को शामिल नहीं किया जा सका।

मेट्रो को लोगों से जोड़ने की कोशिश

भोपाल मेट्रो प्रशासन की ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ योजना के तहत अब मेट्रो में प्री-वेडिंग शूट, बर्थडे और अन्य इवेंट की अनुमति भी दी जा रही है। इसका मकसद लोगों को मेट्रो के करीब लाना और यात्रियों की संख्या बढ़ाना है। हालांकि, भोपाल मेट्रो में मौजूदा स्थिति यह है कि यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है और इस तरह के प्रयोगों से इसे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।