भोपाल की राधिका ने मिसेज वर्ल्ड वूमेन नेशन 2026 का खिताब जीता
कठिन परिस्थितियों और लंबे संघर्ष के बाद भोपाल की राधिका वसंत जेठा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने मलेशिया में आयोजित मिसेज वर्ल्ड वूमेन नेशन 2026 का खिताब जीतकर न केवल अपने वर्षों पुराने सपने को पूरा किया, बल्कि देश और शहर का नाम भी रोशन किया।
सिंगल मदर के संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
राधिका ने बताया कि वर्ष 2012 में विवाह और 2013 में बेटी के जन्म के बाद उन्होंने एकल अभिभावक के रूप में जीवन की जिम्मेदारियां संभालीं। लगभग 11 वर्षों तक संघर्षों के बीच उन्होंने अपनी बेटी की परवरिश की और कभी हार नहीं मानी। वर्ष 2024 में पुनर्विवाह के बाद उन्होंने अपने सपनों को नई दिशा दी और ग्लैमर व फैशन की दुनिया में पहचान बनाने की तैयारी शुरू की।मलेशिया में आयोजित इस प्रतियोगिता में 22 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां प्रतियोगिता की थीम महिला सशक्तिकरण और बच्चों के अधिकार पर आधारित थी। राधिका ने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली प्रस्तुति और व्यक्तित्व के दम पर यह खिताब अपने नाम किया।
राष्ट्रीय परिधान बना आकर्षण का केंद्र
प्रतियोगिता में उनका राष्ट्रीय परिधान भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे डिजाइनर ज्योति परिहार ने तैयार किया था। लगभग 15 किलोग्राम वजनी इस परिधान में रसोई में उपयोग होने वाले बर्तनों और धातुओं का रचनात्मक उपयोग किया गया था। इसका संदेश था कि एक गृहिणी भी अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर विश्व स्तर पर पहचान बना सकती है।राधिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी बेटी, परिवार और सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेकर नई ऊंचाइयों को हासिल करना है।