Train News: भोपाल-इटारसी रूट के यात्रियों को राहत, रेलवे ने चलाईं 2 समर स्पेशल ट्रेनें
भोपाल। ग्रीष्मावकाश में घूमने गए यात्रियों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ बढ़ गई है। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दो जोड़ी समर वीकली ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जोकि पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल, इटारसी, बीना, गुना होकर आवाजाही करेगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि जोधपुर-एमजीआर चैन्नई सेंट्रल के मध्य साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के रूठियाई, गुना, बीना, भोपाल एवं इटारसी स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा की अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी। इस विशेष रेलसेवा में 02 द्वितीय एसी, 15 तृतीय एसी तथा 02 गार्ड/सामान यान सहित कुल 19 कोच रहेंगे।
ये रहेगा शेड्यूल
गाड़ी संख्या 04815 जोधपुर-चैन्नई बीच वीकली 27 जून से 25 जुलाई तक 05 ट्रिप प्रत्येक शनिवार को जोधपुर से 21.20 बजे रवाना होकर मार्ग में विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सोमवार को 20.00 बजे चैन्नई पहुंचेगी। इसी प्रकार 04816 एमजीआर चैन्नई सेंट्रल-जोधपुर वीकली 30 जून से 28 जुलाई 2026 तक 05 ट्रिप प्रत्येक मंगलवार को एमजीआर चैन्नई सेंट्रल से 17.15 बजे रवाना होकर मार्ग में विभिन्न स्टेशनों से होते हुए गुरुवार को 20.30 बजे जोधपुर पहुँचेगी।
कानपुर सेंट्रल-तिरुच्चिरापल्ली वीकली ट्रेन
रेल प्रशासन कानपुर सेंट्रल-तिरुच्चिरापल्ली वीकली ट्रेन बीना, भोपाल एवं इटारसी स्टेशनों होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी। 01927 कानपुर सेंट्रल से प्रत्येक बुधवार 24 जून को प्रात: 8.10 बजे प्रस्थान कर पुखरायां, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर होकर बीना 15.40 बजे, भोपाल 17.20 बजे तथा इटारसी 19.25 बजे होकर अगले दिन तिरुच्चिरापल्ली प्रात: 08.40 बजे पहुंचेगी। वापसी में 01928 तिरुच्चिरापल्ली से प्रत्येक शुक्रवार 26 जून को रात्रि 23.45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन इटारसी 15.05 बजे, भोपाल स्टेशन पर 17.05, बीना 20.25 बजे होकर झांसी, उरई एवं पुखरायां होते हुए कानपुर सेंट्रल प्रात: 04.30 बजे पहुंचेगी।