भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया फ्लाइट में टेकऑफ

टेकऑफ से पहले रुकी फ्लाइट, राज्यपाल को उतरना पड़ा; दो घंटे बाद उड़ी विमान

Bhopal News

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक अजीब सा माहौल बन गया। सब कुछ सामान्य था, यात्री अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, विमान उड़ान भरने ही वाला था। लेकिन तभी अचानक तकनीकी खराबी ने पूरी प्रक्रिया को रोक दिया। दरअसल, दिल्ली जा रही एयर इंडिया की इस फ्लाइट में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी सवार थे। खराबी की जानकारी मिलते ही उन्हें भी विमान से उतरना पड़ा, और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

टेकऑफ से ठीक पहले आई दिक्कत

जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2760 रात करीब 8 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी। यात्री विमान में बैठ चुके थे, इंजन स्टार्ट होने ही वाला था, तभी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। पायलट और क्रू ने जोखिम लेने के बजाय तुरंत विमान को रोकने का फैसला किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया, हालांकि उस वक्त यात्रियों के बीच हल्की बेचैनी जरूर देखी गई।

राज्यपाल को भी उतरना पड़ा

इस फ्लाइट में राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी मौजूद थे। जैसे ही खराबी की सूचना मिली। उन्हें विमान से उतरने के लिए कहा गया। उन्हें एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में ले जाया गया, जहां उन्होंने करीब दो घंटे तक इंतजार किया। इस दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल की पूरी व्यवस्था बनाए रखी गई।

दो घंटे बाद मिली क्लियरेंस

तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू की और खराबी को ठीक करने में करीब दो घंटे का समय लग गया। जब विमान को फिटनेस क्लियरेंस मिल गया, तब दोबारा बोर्डिंग की गई और राज्यपाल सहित सभी यात्री फिर से विमान में सवार हुए। इसके बाद फ्लाइट ने सुरक्षित तरीके से टेकऑफ किया।

अफवाहों ने बढ़ाई हलचल

घटना के दौरान कुछ लोगों ने इमरजेंसी की अफवाह भी फैला दी, जिससे थोड़ी देर के लिए भ्रम की स्थिति बन गई। हालांकि एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने साफ किया कि यह केवल तकनीकी खराबी थी। इसलिए कोई इमरजेंसी स्थिति नहीं बनी थी। उन्होंने बताया कि विमान ने बाद में सामान्य रूप से उड़ान भरी और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। हालांकि यात्रियों को बस थोड़ा इंतजार जरूर करना पड़ा।