भोपाल में भारतीय किसान संघ ने बिजली समस्याओं को ले

भोपाल में भारतीय किसान संघ का प्रदर्शन, बिजली समस्याओं को लेकर CMD को सौंपा ज्ञापन

प्रमोद दुबे भोपाल: भारतीय किसान संघ, मध्य भारत प्रांत के प्रतिनिधि मंडल ने बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के CMD से भोपाल में मुलाकात की। इस दौरान किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए ज्ञापन सौंपा गया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही और अनदेखी के कारण किसान लगातार परेशान हैं। इसका सीधा असर फसल उत्पादन और उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।

 प्रमुख मांगें रखीं गईं

किसान संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में कहा कि

  • लंबित ट्रांसफार्मर आवेदनों को तुरंत स्वीकृत किया जाए
  • ₹5 में स्थायी पंप कनेक्शन की घोषणा लागू की जाए
  • हॉर्स पावर वृद्धि को बिना सहमति निरस्त किया जाए
  • किसानों को 10 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए
  • टूटे और कमजोर पोल एवं तारों को तुरंत बदला जाए

 ट्रांसफार्मर बैंक और सुविधा केंद्र की मांग

संघ ने प्रत्येक जिला केंद्र पर ट्रांसफार्मर बैंक स्थापित करने की मांग रखी, ताकि खराब ट्रांसफार्मर को 3 दिन के भीतर बदला जा सके। साथ ही सब स्टेशनों पर आपातकालीन संपर्क नंबर जारी करने की बात कही गई। किसानों ने मूंग जैसी फसलों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन और मौसम व फसल के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।

आंदोलन की चेतावनी

भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट कहा है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।  

प्रमोद दुबे