एमपी के बड़वानी में बिलियापानी घाट पर कार खाई में

मरीज को छोड़ लौट रहे थे, खाई में गिरी कार: बड़वानी हादसे में 2 की मौत, 2 गंभीर

Road Accident

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पहाड़ी रास्तों पर शुक्रवार सुबह का सफर कुछ लोगों के लिए आखिरी साबित हुआ। एक जिम्मेदारी निभाकर लौट रहे चार युवक अचानक हादसे का शिकार हो गए। कार के खाई में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में मातम छा गया।

बिलियापानी घाट पर हुआ दर्दनाक हादसा

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र में गोलगांव के पास बिलियापानी घाट पर यह हादसा हुआ। बड़वानी से सेमलेट लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना सुबह की है। जब पहाड़ी रास्तों पर सामान्य आवाजाही शुरू ही हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अचानक डगमगाई और कुछ ही सेकंड में नीचे जा गिरी।

मरीज को अस्पताल छोड़कर लौट रहे थे युवक

पुलिस जांच में सामने आया कि सेमलेट गांव के चार युवक रात में एक गंभीर बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए पाटी लाए थे। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया।  मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चारों युवक वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिलियापानी घाट पर यह हादसा हो गया।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

पुलिस के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह चालक को आई झपकी मानी जा रही है। लंबी रात और लगातार ड्राइविंग के चलते चालक का संतुलन बिगड़ा और कार सीधे खाई में जा गिरी। इस हादसे में सकरिया पुत्र रजान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक इकराम पुत्र रुलसिंग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

रेस्क्यू में जुटे ग्रामीण और पुलिस

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। प्रभारी एसडीओपी महेश सुनैया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू आसान नहीं था। लेकिन ग्रामीणों की मदद से घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया।

दो घायल, हालत नाजुक

इस दुर्घटना में बियालाल पुत्र भीमसिंग और भंगा पुत्र रजान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।