उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर में पत्नी

बाराबंकी में दो घंटे में पति-पत्नी की मौत: सुसाइड नोट में लिखा- ‘अम्मा मुझे माफ करना’

UP Crime News

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर क्षेत्र में दिल दहलाने वाली घटना हुई। एक ही परिवार में दो घंटे के भीतर हुई पति-पत्नी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। वहीं, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

तालाब में मिली पत्नी की संदिग्ध मौत

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के बिलौली गांव निवासी दिव्यांग युवक कुलदीप शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे अपनी पत्नी निशा के साथ तालाब से मिट्टी लेने गया था। इस दौरान उसने अपने 10 माह के बच्चे को घर पर छोड़ दिया था। 

बताया जा रहा है कि कुलदीप कुछ देर के लिए वहां से हटकर गया। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी तालाब में कीचड़ से लथपथ औंधे मुंह पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप

पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुलदीप पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। इस घटनाक्रम के बाद परिवार में तनाव की स्थिति बन गई।

आरोपों से आहत होकर पति ने उठाया कदम

पत्नी की मौत के बाद लगे आरोपों से आहत कुलदीप ने दोपहर करीब 1:30 बजे अपने पुराने घर में जाकर फांसी लगा ली। इससे पहले उसने एक पन्ने पर छह लाइन का सुसाइड नोट लिखा। सुसाइड नोट में उसने लिखा कि मुझे कुछ नहीं पता इसको क्या हुआ, आज तक मैंने इतना झगड़ा झेलकर कभी इसी नहीं दिया, आज छोटू भैया कहते हैं तुम जिम्मेदार हो, इसकी मौत में मैं कलंक लेकर जीना नहीं चाहता। उसने अपने बड़े भाई से बच्चे का ख्याल रखने की अपील की और मां से कहा अम्मा मुझे माफ करना।

दो मौतों से गांव में मातम

लगातार दो मौतों की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में रोना-पीटना मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद की बातें सामने आती रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।