बदायूं में नेग विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में दूल्हे का भाई घायल
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शादी समारोह के दौरान नेग को लेकर विवाद हिंसक हो गया। बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में किन्नरों द्वारा फायरिंग किए जाने से दूल्हे का भाई घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
21 हजार की मांग, 2100 देने पर विवाद
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में पहुंचे किन्नरों ने दूल्हे के पिता से 21 हजार रुपए नेग की मांग की। परिजनों ने 2100 रुपए देने की पेशकश की, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि किन्नर इस पर अड़ गए और मौके पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
फायरिंग से मचा हड़कंप
विवाद के दौरान एक आरोपी कार से तमंचा लाया और फायरिंग कर दी। गोली दूल्हे के भाई को लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बारात स्थल पर भगदड़ मच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
हथियार बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी से दो तमंचे, कैंची और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें एक किन्नर महासभा का जिलाध्यक्ष भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ लूट की कोशिश, जानलेवा हमला, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी की सभी रस्में शांतिपूर्वक चल रही थीं, लेकिन घटना के बाद माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। गांव में इस घटना को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है।