प्रदेश

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बयान पर BJP ने दी सफाई

मध्यप्रदेश। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बयान पर BJP ने सफाई दी है। डिप्टी सीएम के बयान को सही बताते हुए मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि, 'जैसी नजर वैसे नजारे।' जगदीश देवड़ा का सेना पर दिए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। कांग्रेस ने डिप्टी सीएम पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा - 'जैसी नज़र वैसे नज़ारे होते हैं, जैसे भाव होते हैं तो आपके सुनने के अर्थ भी वैसे ही हो जाते हैं। कांग्रेस के लिए देश की सेना का कोई सम्मान नहीं है और ये हमने पहले भी देखा है। तो आज कांग्रेस के नेता वही प्रवृत्ति बता रहे हैं। जगदीश देवड़ा जी ने बिल्कुल ठीक कहा है। पूरा देश, देश की सेना, सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है जो उन्होंने पाकिस्तान को जवाब दिया है। अब कांग्रेसियों के मन में जो है वही भाव निकलकर आएंगे। ये देश पूरी सेना के लिए अपने आपको कृतज्ञ महसूस करता है और भारतीय जनता पार्टी के नेता इसी बात को दोहरा रहे हैं।

वायरल वीडियो में डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने कहा था कि, मन में बहुत क्रोध था। जो दृश्य हमने देखा कि, कैसे पर्यटकों को उनका धर्म पूछकर मारा गया। बच्चों के सामने गोली मारी गई। पूरे देश के लोगों के दिमाग में था कि, जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा, जब तक आतंकियों को नेस्तेनाबूद नहीं करेंगे चैन से नहीं रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, देश की सेना, वो सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक है...उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है, उन्होंने जो जवाब दिया है उसकी जितनी सराहना की जाए कम है।"

जगदीश देवड़ा जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उनके इस वीडियो के सामने आने पर कांग्रेस ने उनपर सेना का अपमान करने के आरोप लगाए थे।