अंबिकापुर हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 महिलाओं को कुचला, 3 की मौत; हाईवे पर डेढ़ घंटे जाम
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 महिलाओं को कुचल दिया। इस हादसे में 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है।
सब्जी लेकर लौट रही थीं महिलाएं
घटना NH-130 पर भिट्ठीकला गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, महिलाएं साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही थीं, तभी अचानक सामने से आ रही बेकाबू स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन रुका नहीं और आगे जाकर एक ट्रेलर से टकरा गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान रामबाई (50 वर्ष), मुन्नी बाई (40 वर्ष), श्यामपति (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी महिलाएं जोगी बांध क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं।
घटना के बाद भड़की भीड़
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने भाग रहे ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर सोनू राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
हर रविवार लगता है बाजार
बताया जा रहा है कि भिट्ठीकला में हर रविवार साप्ताहिक बाजार लगता है। हादसे का शिकार हुई महिलाएं इसी बाजार में सब्जी खरीदने आई थीं और लौटते समय यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।