उत्तर प्रदेश के आगरा में एक महिला ने अपने पति की ह

आगरा: हत्या के बाद बाथरूम में दफनाया पति का शव, ऊपर लगवा दी टाइल्स, फिर ऐसे खुला राज

उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। वारदात को छिपाने के लिए शव के ऊपर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया और फिर बाथरूम में नई टाइल्स लगवा दीं। करीब 45 दिन तक वह परिजनों और पड़ोसियों से पति के लापता होने की बात कहती रही। शुक्रवार को पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कर निकाला कंकाल

आरोपी महिला रूबी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के बाथरूम का फर्श तोड़कर खुदाई कराई, जहां से मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमॉर्टम और अन्य फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

18 मई से था लापता, दर्ज कराई थी गुमशुदगी

मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी शादी वर्ष 2010 में रूबी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। 26 मई को पत्नी रूबी ने थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी वह लगातार परिवार और पड़ोसियों से यही कहती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं।

पुलिस को हुआ शक, पूछताछ में टूटा महिला का बयान

शुक्रवार को पुलिस एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए रूबी के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। इसी बीच सुरेंद्र के भाई ने भी पुलिस को जानकारी दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को बाथरूम के फर्श पर संदेह हुआ। खुदाई कराई गई तो नीचे दफन कंकाल बरामद हो गया।

भाई का दावा- रूबी ने खुद बताया था सच

मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीते थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन रूबी ने फोन कर परिवार के लोगों को घर से ले जाने को कहा था। बाद में जब उन्होंने बार-बार सुरेंद्र के बारे में पूछा तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।अनिल शर्मा के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब उन्होंने फिर रूबी से पूछा कि सुरेंद्र कहां हैं, तो उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने उन्हें मारकर बाथरूम में दफना दिया है।

हत्या में किसी और के शामिल होने की भी आशंका

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। हालांकि, इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।