मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र रीवा में पूर्व सैनिक

Rewa News: कारगिल विजय दिवस के मौके पर रीवा में होगी पूर्व सैनिक परिषद की दो दिवसीय बैठक

Rewa News: कारगिल विजय दिवस के मौके पर रीवा में होगी पूर्व सैनिक परिषद की दो दिवसीय बैठक

Rewa News: मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र रीवा में पूर्व सैनिक परिषद द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से पहले रीवा के सिरमौर रोड स्थित नंद बिलास होटल में जिला इकाई की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पहुंचे बड़े पदाधिकारी

सिरमौर रोड स्थित नंद बिलास होटल में आयोजित बैठक में संगठन के प्रदेश संरक्षक व पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी तथा राष्ट्रीय सचिव रमेश पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सचिव रमेश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि रीवा में होने वाली इस दो दिवसीय प्रतिनिधि सभा में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 150 प्रतिनिधियों के पहुंचने की पुष्टि हो चुकी है। आयोजन में सेना के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी और अनेक प्रांतों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

100 वर्षीय हवलदार जगत बहादुर सिंह करेंगे शुभारंभ

दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिनिधि सभा की शुरुआत की जाएगी। जिसका शुभारंभ संगठन के संस्थापक सदस्यों में शामिल 100 वर्षीय वयोवृद्ध हवलदार जगत बहादुर सिंह करेंगे। प्रतिनिधि बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों के कल्याण, राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की भूमिका और वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 

26 जुलाई को होगा बड़ा आयोजन 

कार्यक्रम के दूसरे दिन 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस समारोह एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्र, सेना के वरिष्ठ अधिकारी समेत कई गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। समारोह के दौरान कारगिल युद्ध के साथ-साथ 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में पराक्रम दिखाने वाले सैनिकों, वीरांगनाओं, वीर माता-पिता और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। पूर्व सैनिक परिषद का यह आयोजन रीवा की धरा से नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश सेवा की प्रेरणा देने का काम करेगा।