एमपी में ढाई लाख नौकरियों का मौका, जानिए गेहूं की कीमतों में क्या होगा बदलाव...
भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और बीजेपी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए आंकड़ों के जरिए बड़ा फर्क बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश आज कई मामलों में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि उस समय औद्योगिक विकास दर मात्र 0.016 प्रतिशत थी, जो माइनस में थी। लेकिन अब यह विकास दर बढ़कर 24 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
5 साल में ढाई लाख भर्तियां होंगी...कोई पद खाली नहीं रहने देंगे, हर विभाग में भर्तियां करेंगे। #VidhanSabhaMP #BudgetForViksitMP pic.twitter.com/ybekgYj5Yc
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 13, 2025
सिंचाई के क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले जहां सिंचाई का रकबा केवल सात लाख हेक्टेयर था, वहीं अब यह बढ़कर 56 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने सरकार की नीतियों को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन उपलब्धियों ने मध्य प्रदेश को तेज़ी से प्रगति करने वाले राज्यों की सूची में शामिल कर दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि 1956 से 2003 तक राज्य का कुल बजट मात्र 23 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर चार लाख 21 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार की योजना है कि 2047 तक इस बजट को 28 लाख करोड़ रुपये तक ले जाया जाए।
प्रदेश की जैव विविधता पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश टाइगर, गिद्ध, सियार, भालू और भेड़िया की आबादी के लिहाज से देश में नंबर वन राज्य है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि "आज मध्य प्रदेश टाइगर स्टेट है, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में टाइगर का शिकार करके उन्हें खत्म कर दिया गया।"
डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में ढाई लाख नई नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने सरकार की प्राथमिकता को युवाओं के रोजगार और राज्य के आर्थिक विकास की ओर केंद्रित बताया।
हम किसानों को बिचौलियों से बचाना चाहते हैं...2023-24 में गेहूं ₹2150/क्विंटल खरीदा जाता था जिसे सवा साल में ही बढ़ाकर हमने ₹2600/क्विंटल कर दिया।#VidhanSabhaMP #BudgetForViksitMP pic.twitter.com/ZyMS04NQOs
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 13, 2025