प्रदेश

बीजापुर मुठभेड़ में अब तक 22 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद; गंगालूर के जंगल में सर्च अभियान जारी

20 Naxalites Killed in Bijapur Encounter : बीजापुर। छत्तीसगढ़ में गुरूवार को दो जगह नक्सली मुठभेड़ हो रही है। नक्सल प्रभावित इलाके बीजापुर और कांकेर में। जानकारी के अनुसार इन दोनों मुठभेड़ में जवानों ने अब तक 20 से 22 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। वहीं एक जवान शहीद हो गया है। फिलहाल गंगालूर के जंगल में जवानों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि, मृत नक्सलियों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

यह मुठभेड़ बीजापुर के गंगालूर इलाके के एंड्री के जंगलों में होने की जानकारी सामने आ रही है। बीजापुर एसपी ने बताया कि, इस मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हो गया है जबकि 18 नक्सलियों के शव बरामद किये गए हैं। मुठभेड़ वाली जगह से नक्सलियों के कई हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। फिलहाल मुठभेड़ और तलाशी अभियान जारी है। जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के कोर इलाके में फोर्स घुसी है।

जवानों ने नक्सलियों के बड़े कैडर्स को घेर रखा है। दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। नक्सलियों को भारी नुकसान की खबर है। इसके अलावा नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर स्थित थुलथुली इलाके में IED ब्लास्ट की चपेट में आने से एक जवान जख्मी है। जिसे मौके से बाहर निकाला जा रहा है। यहां भी सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद दंतेवाड़ा, बीजापुर बॉर्डर पर पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने पहले एंड्री इलाके को घेरा फिर गुरुवार की सुबह से जवानों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ जारी है। खत्म होने के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इधर, दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने कहा कि हिरोली से जवान निकले हैं। मुठभेड़ चल रही है। 

किसने क्या कहा?

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 22 नक्सली मारे गए।

मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने कहा, "दो अलग-अलग ऑपरेशन के बाद कांकेर और बीजापुर में 22 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। हम अपने सुरक्षा बलों के प्रयासों की सराहना करते हैं। यह केंद्रीय गृह मंत्री का भी संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को खत्म किया जाएगा। हमें पूरा विश्वास है कि उनका संकल्प पूरा होगा। यह डबल इंजन वाली सरकार का फायदा है।"

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह कहते हैं, "हमारे पुलिसकर्मियों को सफलता मिल रही है। हमारे सीएम विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा 2026 तक राज्य को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने के इस अभियान में लगे हुए हैं। पुलिसकर्मियों का मनोबल ऊंचा है..."

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कहते हैं, "अब तक 18 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसमें राजू नाम का हमारा एक जवान भी शहीद हुआ है। यह एक बड़ी सफलता है जो हमारे जवानों की बदौलत मिली है।