न्यूनतम तापमान में गिरावट से अनुकूल हुआ रात का मौसम

अगले 24 से 48 घटों में विदा हो जाएगा मानसून

Update: 2020-10-01 01:00 GMT

ग्वालियर, न.सं.। पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। अगले 24 से 48 घंटों में मानूसन ग्वालियर-चम्बल से भी विदा हो जाएगा, इसलिए अब मानसूनी बारिश की संभावना नहीं है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट से रात का मौसम अनुकूल हो गया है, जबकि दिन में गर्मी का असर बना हुआ है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि अंचल में अब मानसूनी बारिश की उम्मीद नहीं है क्योंकि 28 सितम्बर से राजस्थान के पश्चिमी भाग से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। अगले एक से दो दिन में ग्वालियर-चम्बल अंचल से भी मानसून की वापसी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रात में ठंडक बढ़ गई है। धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान नीचे जाएगा, जिससे अब आने वाले समय में ठंड दस्तक देगी।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह भी औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 70 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से तीन प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 46 प्रतिशत दर्ज की गई। यह सामान्य से तीन प्रतिशत कम है।

सात या आठ अक्टूबर को हो सकती है बारिश

भोपाल के सेवानिवृत्त मुख्य मौसम विज्ञानी डी.पी. दुबे बताया कि ग्वालियर-चम्बल से मानसून तो अगले एक से दो दिन में विदा हो जाएगा। हालांकि बंगाल की खाड़ी में उड़ीसा पोस्ट पर एक सिस्टम बनने जा रहा है, जो मध्यप्रदेश के ऊपर से गुजरते हुए गुजरात की ओर जाएगा। इसके प्रभाव से सात से आठ अक्टूबर के आसपास ग्वालियर-चम्बल में भी बारिश हो सकती है।

Similar News