विराट कोहली की तूफानी बल्लेबाज़ी के आगे पंजाब ढेर,आरसीबी ने 7 विकेट से लिया बदला...
PBKS vs RCB Highlights: आईपीएल 2025 के 37वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हराकर सीजन की अपनी पिछली हार का बदला ले लिया। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने पूरा दबदबा दिखाया और एकतरफा जीत दर्ज की। गौरतलब है कि 18 अप्रैल को खेले गए पहले मैच में पंजाब ने बैंगलोर को उसके घरेलू मैदान पर 95 रनों पर समेट कर 5 विकेट से हरा दिया था। बता दें कि इस बार कहानी पूरी तरह बदल गई है, जहां विराट कोहली की आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
क्रुणाल और सुयश की धारदार गेंदबाज़ी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाज़ी के दम पर पंजाब किंग्स को बड़े स्कोर से दूर रखा। कप्तान रजत पाटीदार द्वारा टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला सही साबित हुआ। पंजाब की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर सिर्फ 157 रन ही बना सकी। प्रभसिमरन सिंह ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। वहीं शशांक सिंह 31 रन पर नाबाद रहे। जोश इंग्लिस ने 29 और मार्को यानसन ने नाबाद 25 रन का योगदान दिया।
आरसीबी के लिए क्रुणाल पंड्या सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट झटके। सुयश शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। रोमारियो शेफर्ड को भी 1 विकेट मिला। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने दबाव बनाए रखा, हालांकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
Jitesh Sharma dials 6⃣ to seal it in style 🙌Virat Kohli remains unbeaten on 73*(54) in yet another chase 👏@RCBTweets secure round 2⃣ of the battle of reds ❤Scorecard ▶ https://t.co/6htVhCbltp#TATAIPL | #PBKSvRCB pic.twitter.com/6dqDTEPoEA
— IndianPremierLeague (@IPL) April 20, 2025
कोहली-पडिक्कल की दमदार साझेदारी
158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत धीमी रही, जब फिल सॉल्ट महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और एक शानदार अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत मैच को एकतरफा बना दिया। पडिक्कल ने 35 गेंदों पर 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं कोहली ने संयम और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाते हुए 54 गेंदों पर नाबाद 73 रन ठोके। उनकी पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत आरसीबी ने लक्ष्य को महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह टीम की 8 मैचों में 5वीं जीत रही, जिससे अब अंक तालिका में 5 टीमें 10-10 अंकों के साथ बराबरी पर हैं। दूसरी तरफ़ पंजाब को इस सीजन में 8 में से तीसरी हार का सामना करना पड़ा।