दो गेंदों पर हुए आउट, फिर भी नहीं लौटे पवेलियन, Travis Head के साथ मैदान पर हुआ चौंकाने वाला वाकया...
Travis Head Score MI vs SRH IPL 2025: मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में एक अनोखी घटना ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। SRH के ओपनर ट्रैविस हेड लगातार दो गेंदों पर कैच आउट हुए, लेकिन इसके बावजूद अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया और वे क्रीज पर बने रहे। दोनों बार कैच साफ तौर पर नजर आ रहा था, जिससे दर्शक भी हैरान रह गए कि आखिर ऐसा फैसला क्यों लिया गया। आइये जानते हैं इस पूरी घटना के पीछे का कारण...
ट्रेविस हेड के आउट होने पर बवाल
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के 9वें ओवर में जब हार्दिक पांड्या गेंदबाजी करने आए, तो चौथी गेंद पर ट्रेविस हेड ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद हवा में गई और विल जैक्स ने शानदार कैच लपक लिया। पूरी मुंबई इंडियंस की टीम विकेट का जश्न मनाने लगी थी, लेकिन तभी नो-बॉल का सायरन बजा और सब कुछ बदल गया। अंपायर का इशारा देखकर नीता अंबानी तक हैरान रह गईं ।
फ्री-हिट पर फिर कैच आउट हुए हेड
नो-बॉल के बाद अगली गेंद फ्री-हिट थी, जिस पर ट्रैविस हेड ने एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। इस बार गेंद सीधे मिशेल सेंटनर के हाथों में गई और उन्होंने कैच कर लिया। चूंकि यह गेंद फ्री-हिट थी, इसलिए नियमों के मुताबिक बल्लेबाज को रन-आउट के अलावा किसी और तरीके से आउट नहीं दिया जा सकता। नतीजा यह हुआ कि हेड लगातार दो गेंदों पर कैच आउट होने के बावजूद क्रीज पर बने रहे और मुंबई इंडियंस को निराशा हाथ लगी।
No Ball 🤝 SRH Wicket Travis Head gets out off hardik pandya but survives due to No ball!#SRH #Orangearmy #MIvSRH #IPL2025 pic.twitter.com/DXFsVSchp5
— SunRisers OrangeArmy Official (@srhfansofficial) April 17, 2025
सनराइजर्स के लिए चिंता का कारण
सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर ट्रेविस हेड की फॉर्म में अब गिरावट देखने को मिल रही है। IPL 2025 में उन्होंने सात मुकाबलों में कुल 242 रन बनाए हैं। हालांकि, मुंबई इंडियंस के खिलाफ हालिया मैच में वह सिर्फ 28 रन ही बना सके। सीजन की शुरुआत में दो मैचों के बाद उनका औसत 57 से ऊपर था, लेकिन अब यह घटकर 34.5 पर आ गया है। ऐसे में हैदराबाद की टीम के लिए आने वाले मुकाबलों में हेड का फॉर्म चिंता का विषय बन सकता है।