IPL 2025

ऋतुराज गायकवाड़ के बाहर होते ही CSK ने चुना रिप्लेसमेंट, 17 वर्षीय खिलाड़ी को किया टीम में शामिल...

Ayush Mhatre CSK: चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 के बचे हुए सीजन के लिए बड़ा फैसला लेते हुए मुंबई के युवा ओपनर आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre )को टीम में शामिल किया है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के कोहनी में फ्रैक्चर के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद यह कदम उठाया गया है। अब टीम की कमान एक बार फिर एमएस धोनी के हाथों में है। पृथ्वी शॉ समेत कुछ अन्य खिलाड़ियों के नाम पर विचार करने के बाद CSK प्रबंधन ने हाल ही में हुए ट्रायल के आधार पर म्हात्रे पर भरोसा जताया है।

ऑक्शन में नहीं मिला था खरीदार

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को आयुष म्हात्रे को टीम में शामिल करने का फैसला किया। हालांकि वे अभी टीम से जुड़े नहीं हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें जल्द से जल्द टीम से जुड़ने को कहा है। उम्मीद है कि वे अगले कुछ दिनों में टीम से जुड़ जाएंगे। गौरतलब है कि आईपीएल नीलामी 2025 में म्हात्रे का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था, लेकिन तब किसी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा था। अब CSK ने उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका देकर बड़ा ब्रेक दिया है।

मुश्किल दौर से गुजर रही है CSK

CSK प्रबंधन के एक करीबी सूत्र ने क्रिकबज को बताया कि आयुष म्हात्रे कुछ ही दिनों में मुंबई में टीम से जुड़ जाएंगे। फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स लखनऊ में अपने सातवें मैच की तैयारी कर रही है। बता दें यह मुकाबला आज यानि सोमवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।

टीम की स्थिति इस समय काफी नाजुक है। पहला मैच जीतने के बाद CSK लगातार पांच मैच हार चुकी है और उसके खाते में सिर्फ एक जीत और दो अंक हैं। वहीं टीम का अगला बड़ा मैच 20 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है, जहां से उसे अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को फिर से जिंदा करने का मौका मिलेगा।

आयुष म्हात्रे ने मारी बाजी

चेन्नई सुपर किंग्स ने कुछ दिन पहले रिप्लेसमेंट की तलाश में ट्रायल का आयोजन किया था, जिसमें गुजरात के उर्विल पटेल, उत्तर प्रदेश के सलमान निजार और मुंबई के आयुष म्हात्रे को चेन्नई बुलाया गया था। इसके अलावा आईपीएल ऑक्शन में अनसोल्ड रहे पृथ्वी शॉ भी इस रेस में शामिल थे।

हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने सभी विकल्पों पर विचार करने के बाद आयुष म्हात्रे को ऋतुराज गायकवाड़ की जगह स्क्वॉड में शामिल करने का फैसला लिया, जिससे उन्हें बड़ा ब्रेक मिला है।

घरेलू क्रिकेट में किया शानदार प्रदर्शन

आयुष म्हात्रे का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 9 फर्स्ट क्लास मैचों की 16 पारियों में कुल 504 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 176 रन रहा है। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 1 अर्धशतक जमाया है। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उन्होंने 7 पारियों में 458 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में भी उन्होंने 2 शतक और 1 अर्धशतकीय पारी खेली है।