विदेश

विदेश मंत्री एस जयशंकर की ब्रिटेन यात्रा के दौरान सुरक्षा उल्लंघन मामले की भारत ने की निंदा

नई दिल्ली। भारत ने गुरुवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर की लंदन यात्रा के दौरान "सुरक्षा उल्लंघन" की निंदा की। भारत की ओर से कहा गया कि, अलगाववादी तत्वों द्वारा लोकतांत्रिक स्वतंत्रता के इस तरह के दुरुपयोग की निंदा की जाती है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि, "हमने विदेश मंत्री की यूके यात्रा के दौरान सुरक्षा उल्लंघन के फुटेज देखे हैं…हम ऐसे तत्वों द्वारा लोकतांत्रिक स्वतंत्रता के दुरुपयोग की निंदा करते हैं।" उन्होंने कहा कि भारत को उम्मीद है कि यूनाइटेड किंगडम की सरकार – जहां जयशंकर 4-9 मार्च तक आधिकारिक यात्रा पर हैं – अपने राजनयिक दायित्वों का पालन करेगी।

यह बयान लंदन के चैथम हाउस के बाहर खालिस्तानी झंडों के साथ लोगों के एक समूह द्वारा प्रदर्शन किए जाने के बाद आया है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक हमलावर तेजी से भागकर विदेश मंत्री की गाड़ी के सामने आकर खाड़ा हो गया और तिरंगे का अपमान किया। हालांकि वहां मौजूद सिक्योरिटी कर्मचारी द्वारा उसे पकड़ लिया गया लेकिन इस तरह के हमले यह बताते हैं कि, विदेशी धरती पर पनप रहे खालिस्तानी आतंकी भारत के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार यह मामला 5 मार्च का है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर चैथम थिंक टैंक के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी कार से लौट रहे थे। जैसे ही वे अपनी कार में बैठे एक व्यक्ति तिरंगा हाथ में लिए सुरक्षा घेरा तोड़ उनकी गाड़ी के सामने पहुंच गया। कोई कुछ समझ पता इसके पहले ही उसने तिरंगे का अनादर किया और भारत विरोधी नारे लगाने लगा।

विदेश मंत्री इस समय ब्रिटेन के दौरे पर हैं। उनके लंदन पहुंचते ही खालिस्तानी चरमपंथियों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। बहुत सी जगह खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए गए। विदेशी धरती पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की सुरक्षा में हुइ इस चूक को लेकर विदेश मंत्रालय की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।