विदेश

ईरान में फंसे 827 भारतीयों की वापसी, नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी वापस ला रहा भारत

Operation Sindhu: भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत ईरान में फंसे 827 भारतीय नागरिकों को अब तक सुरक्षित वापस लाया जा चुका है। शनिवार, 21 जून 2025 को एक और विमान ईरान के मशहद शहर से 310 भारतीयों को लेकर नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा।

भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि अब ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत न सिर्फ भारतीय नागरिकों को बल्कि नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी सुरक्षित वापस लाएगा। यह फैसला नेपाल और श्रीलंका की सरकारों के अनुरोध पर लिया गया है।

नेपाल की विदेश मंत्री ने इस मदद के लिए भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर का आभार जताया और इसे भारत-नेपाल की दोस्ती का मजबूत उदाहरण बताया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि 310 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था शनिवार शाम को भारत पहुंचा। उन्होंने कुछ तस्वीरें भी शेयर की, जिनमें भारतीय नागरिकों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ दिख रही है।

इसी दिन सुबह तड़के एक और विमान तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से 517 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा। यह भी ऑपरेशन सिंधु का हिस्सा है।

भारत सरकार ने यह अभियान 18 जून 2025 को शुरू किया था। इसका मकसद मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और ईरान-इजराइल संघर्ष के दौरान वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित देश वापस लाना है। पहले चरण में 110 भारतीयों का पहला जत्था भारत लौट चुका था।

सरकार का कहना है कि जब तक सभी भारतीय सुरक्षित वतन नहीं लौट जाते, ऑपरेशन सिंधु जारी रहेगा। ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्वदेश लाने का पूरा खर्च भारत सरकार खुद उठा रही है। यह पूरा मिशन भारत सरकार की पहल पर शुरू किया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर भारतीय नागरिक को सुरक्षित घर वापस लाया जाए।