MP में सर्दी ने तोड़ा दिसंबर का रिकॉर्ड: सोनमर्ग में पहली बर्फबारी, रोहतांग पास बंद
MP में तापमान 4.2°C, 9 जिलों में शीतलहर अलर्ट। सोनमर्ग में पहली बर्फबारी, रोहतांग पास बंद। उत्तर भारत में ठंड तेज़।
उत्तर से चल रही बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों को जमाकर रख दिया है। सोमवार की रात जैसे-जैसे बढ़ी, वैसे-वैसे तापमान गिरता गया। सुबह होते-होते शहडोल के कल्याणपुर में पारा 4.2°C तक जा पहुंचा प्रदेश में इस सीजन का सबसे कम तापमान। भोपाल, इंदौर जैसे बड़े शहरों में भी सर्द हवा पिछले चार दिनों से लगातार चुभ रही है। मंगलवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी कर दिया।
सोनमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी
कश्मीर के गांदरबल जिले में सोमवार को सोनमर्ग ने इस सीजन की पहली बर्फबारी देखी। बर्फ गिरने के साथ ही घाटी का नज़ारा एकदम सफेद हो गया। पर्यटक, स्थानीय लोग सब बर्फबारी का मजा लेने सड़कों पर निकल पड़े।
हिमाचल में रोहतांग पास बंद
हिमाचल के कुल्लू जिले में भी रोहतांग दर्रे पर ताज़ा बर्फबारी हुई, जिसके बाद मनाली-लेह हाईवे को दारचा से आगे बंद कर दिया गया। पहले ही ग्रामफू-लोसर मार्ग बंद था, अब रोहतांग पर बर्फ की मोटी चादर गिरने के बाद ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया गया।
उत्तर प्रदेश: 20 जिलों में घना कोहरा, हादसा भी
पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी, श्रावस्ती, बलरामपुर, महाराजगंज कई जिलों में सुबह 10 मीटर दूर भी कुछ दिखना मुश्किल। इसी कोहरे के कारण कुशीनगर में एक दर्दनाक घटना खड़े ट्रक में बाइक जा घुसी, दो लोगों की मौत हो गई।
राजस्थान में भी ठिठुरन बढ़ी
राजस्थान के 19 शहरों में सोमवार को पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर 4.4°C के साथ सबसे ठंडा रहा। 10 दिसंबर से राज्यभर में शीतलहर की संभावना जताई गई है, खासकर शेखावाटी में असर ज्यादा दिख सकता है। सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर में 2 दिन का यलो अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड में पहाड़ सफेद, नदियां जमी
चमोली और पिथौरागढ़ में जमकर बर्फ गिरी। नदी, नाले, झरने तक जमने लगे हैं। केदारनाथ में -17°C और बद्रीनाथ में -14°C तापमान पहुंच गया है।