उत्तर भारत में बारिश से हाहाकार: यूपी में 15 मौतें, उत्तराखंड-हिमाचल में सैकड़ों सड़कें बंद, मिजोरम में पर्यटक फंसे
भोपाल/लखनऊ/देहरादून/शिमला। देश में मानसून का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक बारिश कमजोर रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, बादलों का मुख्य सिस्टम अब पूर्वी और पहाड़ी राज्यों की ओर शिफ्ट हो गया है।
यूपी में 3 दिन में 15 मौतें, हापुड़ में पानी में डूबी थार
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। हापुड़ में अंडरपास पानी से भर गया, जिसमें एक थार एसयूवी डूब गई। बिजनौर में गंगा और मालन नदी उफान पर हैं। कई छोटे पुल पानी में डूब गए हैं। राज्य में बारिश से जुड़े हादसों में पिछले तीन दिनों में 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तराखंड-हिमाचल में लैंडस्लाइड, 438 सड़कें बंद
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में चलती पिकअप पर पहाड़ का हिस्सा गिरने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दोनों राज्यों में मिलाकर 438 सड़कें बंद हैं। हिमाचल में चंडीगढ़-शिमला फोरलेन और पांवटा-शिलाई हाईवे पर भी भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है।
मिजोरम में 4 दिन से फंसे पर्यटक
मिजोरम के लुंगलेई जिले में लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नेशनल हाईवे-54 पर भूस्खलन के बाद रास्ता बंद होने से कई पर्यटक पिछले चार दिनों से फंसे हुए हैं। प्रशासन ने 80 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, जबकि राज्य में 29 स्थानों पर लैंडस्लाइड की घटनाएं दर्ज की गई हैं।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में राहत, भारी बारिश का अलर्ट नहीं
मध्यप्रदेश में अगले तीन दिन तक कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। वहीं राजस्थान में भी मानसून कमजोर पड़ गया है और मौसम विभाग ने 15 जुलाई के बाद फिर से बारिश तेज होने की संभावना जताई है।
मुंबई-पुणे रूट पर 30 ट्रेनें रद्द
महाराष्ट्र में लैंडस्लाइड से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर 17 जुलाई तक 30 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। रेलवे मरम्मत कार्य में जुटा है, जबकि यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अगले दो दिन इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 27 जिलों के लिए रेड अलर्ट है। बिहार, उत्तराखंड, केरल, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।