ताजमहल देखकर प्रभावित हुए US विदेश मंत्री मार्को रूबियो, पत्नी बोलीं- अगली बार बच्चों को साथ लाऊंगी
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो इन दिनों भारत की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रूबियो के साथ आगरा स्थित ताजमहल का दौरा किया। दोनों ने करीब 45 मिनट तक परिसर में समय बिताया और स्मारक की खूबसूरती को नजदीक से देखा। तेज गर्मी के बीच भी दोनों ने ताजमहल का पूरा अनुभव लिया। जेनेट ने इसे बेहद खूबसूरत बताते हुए अगली बार बच्चों के साथ आने की इच्छा जताई। बता दें कि भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए मार्को रूबियो उच्च स्तरीय बैठकों में शामिल हो रहे हैं।
ताजमहल की खूबसूरती से हुए प्रभावित
मार्को रूबियो और जेनेट ने ताजमहल में गाइड नितिन सिंह से इसके इतिहास और नक्काशी को लेकर कई सवाल पूछे। अमेरिकी विदेश मंत्री ने यह भी जाना कि ताजमहल के निर्माण में कितने लोग शामिल थे। गाइड के मुताबिक, दोनों स्मारक की वास्तुकला और डिज़ाइन से काफी प्रभावित दिखे। जेनेट ने इसे बेहद खूबसूरत बताते हुए लंबे समय तक निहारते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान दोनों ने मशहूर डायना बेंच पर बैठकर फोटो भी क्लिक करवाई, जो इस यात्रा का खास पल बन गया।
41 डिग्री गर्मी में 45 मिनट का दौरा
आगरा में उस दिन तापमान करीब 41 डिग्री था। लेकिन इसके बावजूद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने लगभग 45 मिनट तक ताजमहल परिसर में समय बिताया। वे सुबह करीब 10 बजे 60 लोगों के डेलिगेशन के साथ आगरा पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वे सीधे ताजमहल पहुंचे। परिसर में प्रवेश के लिए गोल्फ कार्ट का इस्तेमाल किया गया और पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
होटल में लंच के बाद जयपुर रवाना हुए रूबियो
ताजमहल भ्रमण के बाद मार्को रूबियो प्रतिनिधिमंडल के साथ होटल अमर विलास पहुंचे, जहां उन्होंने लंच किया। इसके बाद दोपहर 12:48 बजे वे खेरिया एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा जयपुर के लिए रवाना हो गए। दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और ताजमहल परिसर में बैरिकेडिंग कर कुछ समय के लिए पर्यटकों की आवाजाही भी नियंत्रित की गई थी।
भारत-अमेरिका संबंधों के बीच अहम दौरा
मार्को रूबियो का यह दौरा केवल सांस्कृतिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे शनिवार से भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर चुके हैं। इस यात्रा को दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।