बोकारो नक्सल मुठभेड़ में अब तक 8 माओवादी ढेर, 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली भी शामिल
Eight Maoists killed in Bokaro Naxal Encounter : रांची , झारखंड। बोकारो नक्सल मुठभेड़ में अब तक आठ नक्सली ढेर हुए है। इनमें से एक माओवादी पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। इतना ही नहीं मुठभेड़ स्थल से कई हथियार भी बरामद किये गए हैं। इस मुठभेड़ को जवानों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गृह मंत्रालय ने इस मुठभड़े को लेकर जवानों की सराहना की है।
बोकारो मुठभेड़ को लेकर झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि, "आज हमारे सुरक्षा बलों ने 8 माओवादियों को मार गिराया है। हमने चार इंसास और एक एसएलआर समेत कई हथियार बरामद किए हैं। तीन शीर्ष नक्सली विवेक उर्फ प्रयाग माझी, अरविंद यादव और साहेबराम माझी मारे गए हैं। यह ऑपरेशन जेजे (झारखंड जगुआर), पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा किया गया था। पहली गोलीबारी सुबह 5.30 बजे हुई। मुठभेड़ 1.5 से 2 घंटे तक चली।
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने आगे बताया कि, आज हमारे पास राज्य के हर नक्सली का हर विवरण और स्थान है। यह उन लोगों के लिए चेतावनी है जो अभी भी हथियारों के साथ घूम रहे हैं। उन्हें आत्मसमर्पण करना चाहिए क्योंकि हम हर विवरण और उनके ठिकानों से वाकिफ हैं। अगर वे शांति चाहते हैं और झारखंड की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाना चाहते हैं तो उन्हें आत्मसमर्पण करना चाहिए।
झारखंड मुठभेड़ गृह मंत्रालय ने ट्वीट किया, "नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी मुहिम निरंतर जारी है। आज सुरक्षा बलों को नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए चल रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली। झारखंड के बोकारो में लुगु हिल्स में मुठभेड़ में 8 माओवादी मारे गए, जिनमें एक शीर्ष स्तर का नक्सली नेता विवेक, जिस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था और दो अन्य कुख्यात नक्सली शामिल हैं। ऑपरेशन जारी है।