देश

एयर इंडिया की सेवाओं की शिवराज सिंह ने खोली पोल, बोले- यात्रियों के साथ हो रहा धोखा

Shivraj Singh Chauhan Air India Flight : भोपाल। भारत के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने Air India की सेवाओं की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि, एयर इंडिया यात्रियों के साथ धोखा कर रही है। उनसे यात्रा का पैसा तो पूरा वसूलती है लेकिन सेवाओं के नाम पर उन्हें टूटी सीट आवंटित करती है।

दरअसल, शनिवार को भोपाल से दिल्ली जा रहे थे। कृषि मंत्री ने दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट में टिकिट बुक की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को टूटी सीट आवंटित हुई। इसके सम्बन्ध में उन्होएँ अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने एयर इंडिया की सेवाओं पर जमकर निशाना साधा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट में लिखा कि, आज मुझे भोपाल से दिल्ली आना था, पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करनी है। मैंने एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक AI436 में टिकिट करवाया था, मुझे सीट क्रमांक 8C आवंटित हुई।

खराब सीट आवंटित क्यों की? 

मैं जाकर सीट पर बैठा, सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी। बैठना तकलीफदायक था।जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट थी तो आवंटित क्यों की? उन्होंने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए। ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं। सहयात्रियों ने मुझे बहुत आग्रह किया कि मैं उनसे सीट बदल कर अच्छी सीट पर बैठ जाऊं लेकिन मैं अपने लिए किसी और मित्र को तकलीफ क्यों दूं, मैंने फैसला किया कि मैं इसी सीट पर बैठकर अपनी यात्रा पूरी करूंगा।

मजबूरी का फायदा उठाता Air India

मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला। मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है। क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।

आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पोस्ट के बाद एयर इंडिया ने अपनी सेवाओं के लिए उनसे माफ़ी मांगी है। एयर इंडिया ने ट्वीट कर कहा कि, आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। कृपया आश्वस्त रहें कि हम भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए इस मामले पर सावधानीपूर्वक विचार कर रहे हैं। हम आपसे बात करने का अवसर पाकर प्रसन्न होंगे।